रायबरेली। गर्मी और उमस का असर जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों पर पड़ रहा है। पंखे और कूलर की गर्म हवा मरीजों को परेशान कर रही है। शनिवार को इमरजेंसी में पहुंचे बुखार और डायरिया के 32 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। ओपीडी में भी रोगी गर्मी से बेहाल दिखे। ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों ने घंटों इंतजार किया। भीड़ अधिक होने के कारण दवा लेने के लिए लंबी कतार लगी।
जिला अस्पताल के परचा काउंटरों पर सुबह से ही मरीजों की लाइन लग गई। मेडिसिन, हड्डी रोग विभाग सहित अन्य विभागों की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ देखने को मिली। गर्मी अधिक होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दवा काउंटर पर लंबी लाइन रही। पैथोलॉजी में रजिस्ट्रेशन कराने और ब्लड का सैंपल देने के लिए मारामारी रही। ओपीडी कक्षों के बाहर लगे पंखे अधिक गर्मी के कारण बेकार साबित हुए। सबसे ज्यादा वार्डों में भर्ती मरीजों को गर्मी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को इमरजेंसी पहुंचे डायरिया और बुखार से ग्रसित बीर (7), रिषी (4), अनीता (16), दामिनी (16), सोहनी (55), माही (13), जयवर्धन (22), आकृति (8), मान्या (17), शानू (2), सुमन (60), खुशी (17), नजर (38), जरीना (36), मोनू (30), रोहित (19), अभिनव (50), संगीता (35) समेत 32 मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि गर्मी बढ़ी है। दिक्कत होने पर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। जिला अस्पताल में जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं।