रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी लिपिक की पत्नी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजन और पुलिस आत्महत्या की बात कह रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से सोनभद्र जिले के कसियाकला राबर्टगंज निवासी बबुंदर सिंह पावर कॉर्पोरेशन में लिपिक हैं। वह पत्नी पूनम सिंह (34) व दो बच्चों के साथ भदोखर के जगदीशपुर गांव में मकान बनवाकर रहता है। मौजूदा समय में उसकी तैनात लखनऊ में है।
शुक्रवार सुबह पत्नी पूनम का शव फंदे से लटका मिला। इससे घरवालों में कोहराम मच गया। जानकारी होने पर मायके वाले पहुंचे। पूनम के भाई मिर्जापुर निवासी अशोक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बहनोई के ऊंचाहार की रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध थे। इस वजह से उसने बहन के साथ कई बार मारपीट की।
बहन जब अवैध संबंध में रोड़ा बनी तो उसे रास्ते से हटा दिया गया। उसका आरोप है कि मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी। यदि कोई तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।