लालगंज (रायबरेली)। बैसवारा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेला गया। जिसमें टाइगर स्पोर्टिंग क्लब, हैदरगढ़ की टीम ने 1-0 से मैच जीतकर टूर्नामेंट जीत लिया। विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मैच के पहले हाफ में टाउन क्लब, लालगंज और टाइगर स्पोर्टिंग क्लब, हैदरगढ़ के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर गोल करने के लिए कड़ा संघर्ष किया। मैच के पहले हाफ के 56वें मिनट में हैदरगढ़ की नौ नंबर जर्सी के खिलाड़ी संतराम ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं।
इस प्रकार फाइनल में हैदरगढ़ की टीम एक-शून्य से विजेता रही। टाउन क्लब के खिलाड़ी अनुज कुशवाहा को बेस्ट गोलकीपर तो हैदरगढ़ के खिलाड़ी ऋषभ तिवारी को सर्वाधिक गोल करने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया। कॉलेज प्रबंधक देवेंद्र बहादुर सिंह, अरुण कुमार सिंह, शिक्षक नेता आशीष प्रताप सिंह, सुशील मिश्रा, ब्रह्म प्रकाश सिंह, दीपक सिंह, वृंदावन यादव सहित कई दर्शक मौजूद रहे।