फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली: ड्यूटी से कतरा रहे अफसर, परीक्षा पर संकट

Sun, 12 Feb 2023 11:05 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बतौर मजिस्ट्रेट ड्यूटी पर लगाए गए विभिन्न विभागों के कई अधिकारी आनाकानी कर रहे हैैं। हर कोई परीक्षा ड्यूटी से बचने की फिराक में लगा है। इसमें कई अधिकारी सफल भी हो गए और उनकी ड्यूटी कट गई। उनकी जगह दूसरे अफसरों को जिम्मेदारी दी गई। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को भी परीक्षा ड्यूटी से मुक्त करने का आदेश आ गया है। अब उन्हें भी हटाकर दूसरे अफसरों की तलाश करनी पड़ेगी।
विज्ञापन

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। शांतिपूर्ण ढंग से नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जिले में सात जोनल मजिस्ट्रेट, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सभी 118 परीक्षा केंद्रों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लगाया गया है। तैनाती आदेश जारी होने के बाद से लेकर अब तक कई बार संशोधन हो चुका है, जिसमें लगभग 20 अधिकारी बदले जा चुके हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी में सबसे ज्यादा बदला हुआ। यह हाल तब है, जब 9 फरवरी को सभी मजिस्ट्रेटों की बैठक कर उन्हें सब कुछ समझाया जा चुका है। प्रश्नपत्र पहुंचाए जाने के दौरान भी कई परीक्षा केंद्रों को स्टेटिक मजिस्ट्रेटों का इंतजार करना पड़ा।
बोर्ड परीक्षा में लोक निर्माण विभाग के लगभग 25 अभियंता ड्यूटी में लगाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता, अवर अभियंता को बोर्ड परीक्षा ड्यूटी से मुक्त करने के संबंध में शासन से एक पत्र आया है। कहा गया है कि लोक निर्माण विभाग में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन मार्ग, पुल आदि का कार्य प्रगति पर है, जिसे प्रत्येक दशा में पूरा करना है। अभियंताओं को परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने से विभागीय कार्य बाधित होंगे। समय से काम पूरा नहीं हो सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को परीक्षा ड्यूटी से मुक्त किए जाने के संबंध में जारी हुआ पत्र देखा है। इस बाबत पत्रावली तैयार की जा रही है।
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे सात सचल दस्ते
रायबरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सभी 118 परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर सात सचल दस्तों का गठन कर लिया गया है। डायट प्राचार्य शेषबाला वर्मा, डीआईओएस ओमकार राणा, बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह, जीआईसी प्रधानाचार्य रत्नेश कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट राजेंद्र प्रसाद, राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक डाॅ. विनोद कुमार त्रिपाठी व जय सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दस्तों में दो पुरुष एवं दो महिला शिक्षक शामिल हैं। सभी दलों के साथ पुलिस कर्मी भी दौड़ेंगे। डीआईओएस ने बताया कि सचल दलों की बैठक 14 फरवरी को होगी। बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से 4 मार्च तक होगी, जिसमें 76767 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसमें हाईस्कूल को 41996 और इंटरमीडिएट के 34771 परीक्षार्थी शामिल हैं।

परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा कर्मी तैनात
रायबरेली/सरेनी। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र शनिवार को देर शाम तक सभी परीक्षा केंद्रों में पहुंचा दिए गए। परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं, जबकि क्षेत्रीय थानों की पुलिस गश्त भी कर रही है। सरेनी क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, एसबी इंटर कॉलेज, एलजी इंटर कॉलेज, जनता विद्यालय इंटर कॉलेज, एसबी इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, बाबू सिंह इंटर कॉलेज में प्रश्नपत्र पहुंचने के बाद उन्हें सुरक्षित रखवाया गया। सुरक्षा कर्मी भी तैनात किए गए। कोतवाल हरिकेश सिंह ने बताया कि सरेनी क्षेत्र के सभी आठ परीक्षा केंद्रों में दो-दो सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें