शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक पर खड़ी ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते यात्री व परीक
रायबरेली। जिले में तीन दिन चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन रेलवे स्टेशन पर आम यात्रियों के साथ अभ्यर्थियों की काफी भीड़ रही। ट्रेनों के आने पर अभ्यर्थियों और आम यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कई बोगियों के गेट पर धक्कामुक्की तक हुई। पहले से ही फुल बोगियों में घुसना मुश्किल भरा रहा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी भीड़ को किसी तरह ट्रेनों से आगे रवाना किया।
पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार को शुरू हुई। पहले दिन दोनों पालियों में लगभग साढ़े पांच हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा छूटने के बाद ज्यादातर अभ्यर्थी ट्रेनों से सफर करने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच गए। अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण लखनऊ की ओर जाने वाली पंजाब मेल को देर तक रोकना पड़ा। जैसे ही यह ट्रेन आई, अभ्यर्थियों की भीड़ टूट पड़ी। यह ट्रेन पांच मिनट रुकती है, लेकिन भीड़ की वजह से 13 मिनट रोकनी पड़ी।
इसके बाद जनता मेल आई तो बाकी अभ्यर्थी इस ट्रेन से चले गए। पंजाब मेल और जनता मेल आधे घंटे लेट रही। दूसरी पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस से अभ्यर्थी लौट गए। यह ट्रेन करीब 10 मिनट रुकी। इसके बाद आई ट्रेनों से भी अभ्यर्थी लौटते रहे।
सुरक्षा के लिए तैनात रहे पुलिस कर्मी
अभ्यर्थियों की भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सुबह से मुस्तैद रही। स्टेशन परिसर में बाहरी हिस्से और मुख्य सड़क तक सिविल पुलिस की तैनाती रही। प्लेटफॉर्म पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बराबर नजर बनाए रखी। प्लेटफॉर्म पर गश्त करते रहे। ट्रेनों के आने पर हर बोगी के पास पुलिसकर्मी खड़े रहे ताकि कोई हंगामा न होने पाए। जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया स्टेशन परिसर के हर हिस्से पर पुलिस कर्मी तैनात रहे।