यूपी के रायबरेली में घर के बाहर बरामदे में सो रहे दादा की पोते ने फावड़े से हमला करके हत्या कर दी। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
घटना घुरवारा थाना क्षेत्र के पूरे भवानी रामपुर गहिर खेत की है। गांव निवासी परमेश्वर यादव (91) की हत्या की हुई है। आरोप उनके पोते सरवन यादव पर है। बताया गया कि शुक्रवार रात परमेश्वर घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। रात में पोते सरवन यादव ने उन पर फावड़े से हमला कर दिया।
चीख सुनकर परिजन पहुंचे और लहूलुहान हालत में परमेश्वर को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से रेफर करने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। शनिवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।