राज्यपाल राम नाईक शनिवार को रायबरेली में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के योद्धा राणा बेनी माधव सिंह की मूर्ति के अनावरण समारोह में शामिल नहीं होंगे। प्रदेश में चुनाव की तारीखों के एलान के बाद राज्यपाल सचिवालय ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर इस कार्यक्रम में राज्यपाल के शामिल होने के संबंध में राय मांगी थी।
आयोग से कोई सूचना प्राप्त न होने पर राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल न होने का फैसला किया है। गौरतलब है कि चुनाव घोषणा से पूर्व राणा बेनी माधव सिंह मूर्ति स्थापना समारोह समिति ने 1857 में अवध प्रांत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के नायक एवं महान योद्धा राणा बेनी माधव बक्श सिंह की अश्वरोही प्रतिमा के अनावरण के लिए 7 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया था।
रायबरेली में 7 जनवरी 1921 को किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की स्मृति में हर साल 7 दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया जाता है। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि मूर्ति स्थापना समारोह समिति ने चुनाव घोषणा से पहले राणा बेनी माधव सिंह की 212वीं जयंती वर्ष पर उनकी अश्वरोही प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम रखा था। इसी बीच चुनाव आचार संहिता लग गई।