सीएमओ के निर्देश पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जगतपुर कस्बे में पानी टंकी के पीछे दवा की एक दुकान पर छापा मारा। दवा की दुकान के पीछे अवैध रूप से क्लीनिक संचालित मिला। टीम के पहुंचते ही संचालक मौके से भाग गया।
टीम को रोगियों की भीड़ व क्लीनिक में ईसीजी मशीन व जांच के अन्य उपकरण मिले। क्लीनिक का लाइसेंस व डॉक्टर की डिग्री मौके पर नहीं मिली। संचालक को नोटिस देकर सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार यादव को जगतपुर कस्बा स्थित पानी की टंकी के पास एक मेडिकल स्टोर के पीछे मनमाने तरीके से क्लीनिक चलाने व रोगियों की जांच करने की शिकायत मिली। सीएमओ ने जगतपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला को छापा मारने का आदेश दिया।
इस पर अधीक्षक डॉ. शुक्ला, एचईओ संजीव गुप्ता समेत पांच सदस्यीय टीम ने मंगलवार को छापा मारा तो शिकायत की पुष्टि हो गई। बिना पंजीयन जांच व क्लीनिक चलता मिला। संचालक मौके से भाग निकला।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार यादव ने बताया कि संचालक से डॉक्टर की डिग्री के साथ ही अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज न दिए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।