लालगंज। तहसील कार्यालय से महज 200 मीटर दूर चोरों ने एक व्यवसायी के मकान को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख नकद पार कर दिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर सामान पार कर ले गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बछरावां रोड पर तहसील के निकट रणगांव निवासी रामनाथ प्रसाद तिवारी अंबारा पश्चिम गांव के पास ईंट भट्ठा संचालित करते हैं। उनके बेटे मुंबई में रहते हैं। रामनाथ प्रसाद किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर एक पारिवारिक महिला अकेली थी। वह भी 24 अक्टूबर को अपने दुर्घटनाग्रस्त भाई को देखने अमेठी चली गई थी। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते अंदर घुस गए। उन्होंने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी व जेवरात समेट ले गए।
दो दिन बाद महिला घर लौटी तो चोरी की जानकारी हुई। चोर सोने के जेवर समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात ले गए। अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद भी चोरी कर लिए। सीओ सुजीत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।