लालगंज। उत्तरागौरी गांव में रविवार रात चोरों ने एक घर से 15 लाख कीमत के जेवरात और पांच हजार की नकदी पार कर दी। गांव निवासी मृत्युंजय कुमार के मुताबिक रात में वह परिवार के साथ सो रहे थे। उनकी मां दूसरे कमरे में थीं। सोमवार सुबह करीब छह बजे जब वह उठे तो देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
मां के कमरे में रखे बक्से गायब थे। छत पर बक्से खुले पड़े मिले। चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। पीडि़त ने आशंका जताई है कि चोर दरवाजे के पास स्थित नीम के पेड़ के सहारे छत पर चढ़े।
गांव के लोगों ने बताया कि रविवार को एक पिकअप वाहन में बैल लेकर कुछ लोग घर-घर दर्शन कराने के बहाने गांव में आए थे। इन्हीं लोगाें पर चोरी की आशंका है। लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है।