रायबरेली। ऊंचाहार की ओर से आ रही मालगाड़ी रविवार को उस समय दो हिस्सों में बट गई, जब शहर के रेलवे स्टेशन से कुछ दूर पहले कपलिंग खुल गई। यह घटना उस समय हुई, जब स्टेशन के होम सिग्नल के पास मालगाड़ी खड़ी थी। दोबारा चलाई गई तो मालगाड़ी का आधा हिस्सा पीछे छूट गया। घटना का पता चलते ही ट्रेन पीछे करके छूटी बोगियां वापस जोड़ी गईं। इसके बाद मालगाड़ी कुंदनगंज रेलवे स्टेशन रवाना हुई।
कुंदनगंज स्थित सीमेंट फैक्टरी के लिए क्लिंकर लादकर ऊंचाहार की ओर से एक मालगाड़ी शहर के रेलवे स्टेशन पर आ रही थी। दरियापुर-रायबरेली रेल खंड में मधुबन क्रॉसिंग से पहले मालगाड़ी रोक दी गई। रायबरेली स्टेशन पर रेल लाइन खाली नहीं थी। यह मालगाड़ी सिविल लाइन के निकट कुछ देर खड़ी थी। संकेत मिलते ही दोबारा चलने लगी तो मालगाड़ी दो हिस्सों में बट गई।
मालगाड़ी के लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) ने देखा तो पता चला कि कपलिंग खुल गई है। कुछ देर बाद दोनों हिस्सों को जोड़कर मालगाड़ी रायबरेली स्टेशन पहुंची, जहां से कुंदनगंज के लिए रवाना कर दी गई। करीब आधे घंटे तक दरियापुर-रायबरेली रेलखंड प्रभावित रहा।
कपलिंग खुलने के पीछे किसी अराजकतत्व की करतूत होने का अंदेशा जताया जा रहा है। रेलवे सूत्र बताते हैं कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सही वजह पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी गई है, जिसमें लोको और वैगन से जुड़े अधिकारियों के साथ आरपीएफ को भी शामिल किया गया है। आरपीएफ का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। प्राथमिक जांच चल रही है।