कुचरिया रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक पर पड़ी छतिग्रस्त साइकिल।
ऊंचाहार। रायबरेली-प्रयागराज रेल मार्ग पर कुचरिया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ी साइकिल से मालगाड़ी टकरा गई। गनीमत रही कि लोको पायलट ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रात के अंधेरे में ट्रैक पर साइकिल कैसे आई, इसकी जांच चल रही है। प्राथमिक जांच में इसे अराजकतत्व की हरकत बताया जा रहा है। मालगाड़ी पलटाने की साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ऊंचाहार पोस्ट ने प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार रात लगभग 11:30 बजे की है। रायबरेली-ऊंचाहार रेल खंड में दरियापुर और लक्ष्मणपुर स्टेशनों के बीच कुचरिया गांव के पास क्रॉसिंग संख्या 19-सी से करीब 100 मीटर दूर ट्रैक पर साइकिल पड़ी थी। रायबरेली से प्रयागराज की ओर एक मालगाड़ी फर्राटा भरते हुए जा रही थी। अंधेरा होने के कारण ट्रैक पर पड़ी साइकिल दूर से नहीं दिखाई दी। जब मालगाड़ी नजदीक पहुंची तो ट्रैक पर साइकिल दिखी। इस पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोकी, लेकिन तब तक मालगाड़ी साइकिल से टकरा गई। मालगाड़ी की चपेट में आने से साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की वजह से मालगाड़ी कुछ देर वहीं पर रुकी, फिर अगले स्टेशन लक्ष्मणपुर को सूचना देने के बाद मालगाड़ी रवाना हुई। इस बात की खबर लगते ही रेलवे विभाग में अफरातफरी मच गई। रेलवे ट्रैक की सेफ्टी चेक के लिए टीमें पहुंचीं। घटनास्थल पर रेलवे कर्मचारियों की टीमें देर रात तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं। आरपीएफ प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी नशेड़ी के साइकिल छोड़कर भागने की बात सामने आई है। साइकिल कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
साजिश की आशंका से नहीं किया जा सकता इन्कार
ट्रैक पर साइकिल पड़ी होने के पीछे किसी साजिश की आशंका जताई जा रही है। ऊंचाहार आरपीएफ पोस्ट के अंतर्गत आने वाले इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें लक्ष्मणपुर के पास स्लीपर रखे होने से मालगाड़ी के टकराने और नवाबगंज में स्लीपर रखा होने के मामले काफी चर्चा में रहे। लक्ष्मणपुर के पास ही ट्रैक पर साइकिल पहले भी मिल चुकी है। पिछली घटनाओं में भी भले ही साजिश की बात नहीं कही गई थी, लेकिन साजिश की आशंका मानते हुए छानबीन हुई थी। इन घटनाओं में अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। अब एक बार फिर हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।