सीएचसी बछरावां का निरीक्षण करने जाती डीएम हर्षिता माथुर।
बछरावां (रायबरेली)। मंडलायुक्त के आदेश पर बछरावां सीएचसी में जलभराव की समस्या के निदान के लिए बुधवार को जांच करने पहुंचीं डीएम हर्षिता माथुर के सामने मरीजों को बाजार की दवा लिखने का मामला उठा। इस पर डीएम ने बाजार की दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। मरीजों ने डीएम से सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन भी लगाने की मांग की।
बुधवार की सुबह डीएम बछरावां सीएचसी पहुंचीं। उन्होंने अधीक्षक कक्ष, सभागार व जच्चा बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया। उनकी नजर अधीक्षक कक्ष के सामने लगी इंटरलॉकिंग पर भरे पानी पर गई। उन्होंने जलभराव के बारे में अधीक्षक डॉ. अर्पिता श्रीवास्तव से पूछताछ की। अधीक्षक ने बताया कि बारिश के कारण जलभराव हो जाता है। अस्पताल परिसर में सफाई न होने पर डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
भारतीय किसान सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष छोटेलाल लोधी ने डीएम से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की मांग उठाई। आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में एक ही कमरे में बैठकर दो डॉक्टर मरीजों का इलाज करते है, जिससे मरीजों की कतार लग जाती है ।
डीएम ने बताया कि सीएचसी में जलभराव की समस्या संज्ञान में आई थी। निरीक्षण किया गया है। जल्द ही जलभराव की समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अवर अभियंता बीएन यादव को समस्या के निदान के संबंध में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जो डाक्टर बाहर की दवा व जांच लिख रहे हैं उनकी जांच कर जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा, गौतम सिंह, कोतवाल राजीव सिंह आदि मौजूद रहे।