रायबरेली। नगर पालिका परिषद में तैनात 450 सफाई कर्मियों की हड़ताल से बुधवार को शहर की सफाई व्यवस्था बेपटरी हो गई।
शहर के प्रमुख चौराहे हो या फिर मोहल्ले, हर जगह गंदगी का अंबार रहा। गंदगी से नागरिकों में गहरी नाराजगी रही। अधिकारी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं दूर कराने के बजाए चुप्पी साधे बैठे हैं।
नगर पालिका के अधिकारियों और सफाई कर्मियों के बीच काफी समय से खींचतान चल रही है। समस्याओं का ज्ञापन देने के बावजूद सफाई कर्मियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। जिससे नाराज सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिससे सफाई व्यवस्था ठप हो गई।
प्रमुख चौराहे सिविल लाइंस, जिला अस्पताल चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइंस, बस स्टेशन, सुपर मार्केट के अलावा सत्य नगर, कहारों का अड्डा, आचार्य द्विवेदी नगर, इंदिरा नगर समेत अन्य मोहल्लों में कूड़े के ढेर नजर आए।