मकर संक्राति (खिचड़ी) पर सोमवार को गंगाघाटों पर लोग आस्था की डुबकी लगाएंगे और दान पुण्य करेंगे। खिचड़ी को लेकर दिनभर बाजार सजा रहा। किसी ने लइया, गुड़ तो किसी ने नींबू व घी खरीदा। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल दिखी।
शहर के अलावा देहात क्षेत्रों में मकर संक्रांति को लेकर खरीदारी की गई। बच्चों ने पतंगों की खरीदारी करने में रुचि दिखाई। यही वजह रही कि पतंग की दुकानों पर बच्चों के अलावा बड़ों की भीड़ दिखी।
जिले में मकर संक्रांति सोमवार को मनाई जाएगी। इस दिन डलमऊ, ऊंचाहार व गेगासो के गंगा घाटों पर हजारों की तादाद में लोग गंगा स्नान करेंगे। साथ ही दान पुण्य करेंगे। गंगा स्नान को लेकर गंगा घाटों पर सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
घाटों की साफ-सफाई कराई गई है। उधर, खिचड़ी को लेकर रविवार को बाजार में सुबह से ही चहल-पहल दिखी। सुपर मार्केट, डिग्री कॉलेज चौराहा, घंटाघर, पुलिस लाइंस चौराहा समेत अन्य स्थानों पर गुड़, लइया, तिल के लड्डू, रेवड़ी की दुकानें सजी रही। लोगों ने पहुंचकर खूब खरीदारी की।
इन्हीं स्थानों पर पतंग खरीदने के लिए दुकानों पर बच्चे व बड़े उतावले दिखे। माना जाता है कि मकर संक्रांति के दिन दान देना हितकर रहता है। दान देने से सभी मांगें मन्नतें पूरी हो जाती हैं। साथ ही भगवान शनि की कृपा भी होती है।
दान में तिल्ली व गुड़ की सामग्री होना आवश्यक है। पंडित सुरेश पाठक ने बताया कि मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी। 15 जनवरी को पूरे दिन संक्रांति रहेगी। इस दिन से खरमास समाप्त हो जाएगा और सभी शुभ कार्य शुरू हो सकेंगे।