डलमऊ में गंगा का जलस्तर दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जलस्तर 96.800 मीटर तक पहुंच गया। इससे कटरी क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है। गंगा घाटों की सीढ़ियां पानी से पूरी तरह से डूब गई हैं।
साथ ही तेज बहाव के कारण मिट्टी कटान तेजी से हो रही है। केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के मुताबिक, जलस्तर में बढ़ोतरी का यही हाल रहा तो जल्द पानी खतरे के निशान पर पहुंच जाएगा।
नदी का चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर और खतरे का निशान 99.360 मीटर है। तीन दिन से लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। सोमवार को जलस्तर 96.400 मीटर था, जबकि मंगलवार को यह बढ़कर 96.800 मीटर पर पहुंच गया।
जलस्तर बढ़ने के कारण शिवाला घाट, पक्का घाट, कच्चा घाट समेत अन्य घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। इससे लोग दहशत में हैं।
जलस्तर बढ़ने के कारण मोह्ददीनपुर, अंबहा, पूरे रेवती सिंह, जमाल नगर आदि गांवों में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण कृष्ण बहादुर, साजन यादव, रामकुमार, माताबदल का कहना है कि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो पानी गांव में घुस जाएगा। फसल बर्बाद हो जाएगी।
तेज बहाव के कारण खेत की मिट्टी कटान हो रही है। हालांकि पानी अभी गांवों से काफी दूर है। उधर, एसडीएम डलमऊ राम अक्षयवर का कहना है कि अभी बाढ़ जैसे कोई हालात नहीं है।
बाढ़ आने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा। बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी कर ली गई हैं।