रायबरेली। एम्स सहित शहर के 13 मोहल्लों के लोगों को 22 मई तक पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) का फ्री कनेक्शन मिलेगा। अब तक इन मोहल्लों के 2500 घरों में कनेक्शन दिया जा चुका है। इसमें 1100 घरों में पीएनजी की आपूर्ति भी शुरू हो गई है।
हरदासपुर में बने पीएनजी के डिपो से घरों में गैस पहुंचाई जा रही है। शहर में आठ हजार घरों में पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य है। पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद घरेलू गैस सिलिंडर की समस्या बढ़ गई है। ऐसे में शहर में पीएनजी कनेक्शन का काम तेजी से शुरू कराने के लिए कदम उठाए गए हैं।
शहर के प्रगतिपुरम, तुलसीनगर, एकता विहार, हरदासपुर, हनुमंतपुरम आदि मोहल्लों में 2500 लोगों को पीएनजी का कनेक्शन दिया जा चुका है। लक्ष्य के सापेक्ष घरों में पीएनजी पहुंचाने के लिए चकदौलताबाद में पीएनजी का नया डिपो स्थापित करने का काम चल रहा है।
इन मोहल्लों के लोग कनेक्शन के लिए करें फोन
शहर के एम्स, मुंशीगंज, हरदासपुर, हनुमंतपुरम, अलीमियां कालोनी, अनवर नगर, अहियारायपुर, सैयद नगर, एकता विहार, शिवाजी नगर, तुलसी नगर, प्रगतिपुरम, छजलापुर के लोग फ्री कनेक्शन योजना का लाभ उठा सकते हैं। इन मोहल्लों में लाइन पूरी तरह से बिछ चुकी है।
फ्री कनेक्शन के लिए फोन नंबर 05352701558 पर बात की जा सकती है। इसके अलावा शहर के इंदिरा नगर में बन आरडीए कांप्लेक्स के द्वितीय तल पर हॉल नंबर तीन व चार स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
शहर के करीब 1100 घरों में पीएनजी गैस की आपूर्ति शुरू करा दी गई है। 22 मई तक 13 मोहल्ले लोग पीएनजी का मुफ्त कनेक्शन ले सकते हैं।
उबैदुर्रहमान, जिला पूर्ति अधिकारी रायबरेली