जायस (रायबरेली)। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक को फर्जी वीजा थमा दिया गया, जो लखनऊ में रद्द कर दिया गया। एजेंट को उसने एक लाख 10 हजार रुपये दिए। वापस आने पर जब उसने रुपया मांगा तो मारपीट पर आमादा हो गया। शनिवार को युवक के पिता ने केस दर्ज कराया है।
जायस कस्बे के मोहल्ला खरका शेखाना निवासी महबूब खां ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मोहल्ला बड़ा गोरियाना निवासी कय्यूम व उनके पिता मोहम्मद हुसैन ने वर्ष 2018 में उसके लड़के कासिम को काम के लिए विदेश भेजने के एवज में एक लाख 10 हजार रुपये लिए थे। जब कासिम 30 जून 2018 को लखनऊ हवाई अड्डा पहुंचा तो उसका वीजा फर्जी पाया गया।
इसलिए उसे वापस लौटना पड़ा। बाद में जब कय्यूम व उनके पिता से पैसे वापस करने को कहा तो वे बहाना बनाने लगे। अंत में मारपीट पर आमादा हो गए। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।