रायबरेली। उतरेटिया-रायबरेली रेलमार्ग पर 15 जून को छह घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप रहेगा क्योंकि इस रेलमार्ग पर तीन जगह अंडरपास के लिए काम कराया जाना है। इस बीच चार ट्रेनों को सुल्तानपुर के रास्ते चलाया जाएगा जिससे ये ट्रेनें नहीं आएंगी। दो ट्रेनों को लखनऊ या उसके पहले देर तक रोका जाएगा। काम पूरा होने के बाद इन ट्रेनों को चलाया जाएगा। इससे इन ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ेगी।
उतरेटिया-रायबरेली रेलमार्ग पर 15 जून को सुबह 11:10 बजे से शाम 5:10 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता मेल, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल और भटिंडा से वाराणसी जाने वाली स्पेशल ट्रेन का रूट डायवर्जन कर दिया गया है। ये सभी ट्रेनें सुल्तानपुर के रास्ते दौड़ाई जाएंगी।
इससे ये ट्रेनें इस जिले के बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली स्टेशनों से होकर नहीं गुजरेंगी। आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे से ज्यादा रोकी जाएगी। ये ट्रेनें लखनऊ की ओर से रायबरेली आएंगी लेकिन लखनऊ या उसके पहले रोक ली जाएंगी।
काम पूरा करने में देरी हुई तो कई अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो सकता है। जिन स्थानों पर काम कराया जाएगा, वहां काम पूरा होने के बाद भी ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखी जाएगी। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ेगी। रविवार को सफर करने वाले यात्री पहले से सचेत हो जाएं और अपनी यात्रा की व्यवस्था कर लें।
वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) विजय श्रीवास्तव ने बताया कि रायबरेली-उतरेटिया रेलमार्ग पर तीन जगह अंडरपास का काम होना है। इसमें कनकहा-निगोहां और बछरावां-कुंदनगंज रेलखंड के बीच दो अंडरपास जबकि तीसरा अंडरपास कनकहा स्टेशन पर स्थित है। इस काम के लिए अप-डाउन दोनों रेल लाइनों पर छह घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दरम्यान ट्रेनों का आवागमन ठप रहेगा।