प्लेटफार्म एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : प्लेटफार्म एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली चार ट्रेनें शनिवार को निरस्त होने के कारण नहीं आएंगी। इनमें देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल, टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस और नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस शामिल है। गोरखपुर और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस भी नहीं आएगी, क्योंकि यह ट्रेन शनिवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन ही चलती है।
शुक्रवार को नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस, सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रही। गोरखपुर से आने वाली वंदेभारत ट्रेन भी लखनऊ में रोक ली गई, जिससे यह ट्रेन रायबरेली नहीं आई और प्रयागराज भी नहीं गई। शाम को यह ट्रेन लखनऊ से ही वापस गोरखपुर भेजी गई। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ने छह घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ने साढ़े तीन घंटे और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस ने सवा तीन घंटे इंतजार कराया।
सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस व आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस ढाई घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा दो घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हुई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि माघ मेला की वजह से वंदेभारत प्रभावित है, वहीं बाकी ट्रेनों के संचालन पर कोहरे का असर है।