रायबरेली। ऊंचाहार-उन्नाव रेलमार्ग पर लालगंज कस्बे में रायबरेली रोड स्थित क्रॉसिंग पर वाहनों का आवागमन अधिक होने से ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा है। वाहनों के दबाव से समय पर फाटक नहीं बंद हो पाते हैं। इस कारण रविवार रात चार ट्रेनों की रफ्तार थम गई। तीन ट्रेनें लालगंज स्टेशन पर रुकी तो एक ट्रेन को लाइन खाली न होने पर डलमऊ स्टेशन पर रुकना पड़ा।
ऊंचाहार-उन्नाव रेलमार्ग से रोजाना छह जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं। इसके अलावा मालगाड़ियों और नए कोच की रेक का आना-जाना लगा रहता है। लालगंज में रायबरेली रोड की क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक की वजह से फाटक बंद करने में दिक्कत आती है। अक्सर जाम लगा होने से फाटक बंद नहीं हो पाते हैं।
फाटक बंद होने के बाद ट्रेनें पास कराई जाती हैं। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ती है। रविवार की रात रायबरेली से रघुराज सिंह स्टेशन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन डलमऊ स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। तीन ट्रेनों को क्रॉसिंग बंद न होने के कारण लालगंज स्टेशन पर रुकना पड़ा।
लालगंज स्टेशन पर प्रयागराज-कानपुर अनवरगंज पैसेंजर और कानपुर-रायबरेली पैसेंजर करीब 25-25 मिनट तथा प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस लगभग 15 मिनट लालगंज स्टेशन पर खड़ी रही। इन तीनों ट्रेनों को पास कराने के बाद ही डलमऊ में खड़ी पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया जा सका।
रोड ट्रैफिक अधिक होने और क्रॉसिंग बंद करने के दौरान वाहनों के बेरोकटोक आने-जाने के कारण अक्सर फाटक में गड़बड़ी भी आती रहती है। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि लालगंज में रायबरेली रोड की क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक अधिक होने से फाटक बंद करने में दिक्कत आई, जिससे चार ट्रेनों को देर तक रोकना पड़ा।