रायबरेली। अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को चोरी किए गए जेवरात व नकदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में तीन लखनऊ और एक आरोपी रायबरेली का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात कबूली है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के मुताबिक मंगलवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि सारस तिराहा पर कुछ लोग मौजूद हैं और चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सदर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह, सिविल लाइंस चौकी प्रभारी कपिल मलिक ने टीम के साथ मौैके पर पहुंचे और चार आरोपियों को दबोच लिया।
इसमें लखनऊ जिले के बाजार खाला थाना क्षेत्र के गौरीशंकर मंदिर पुराना हैदरगंज निवासी शावेज खान, दरियापुर निवासी भाटिया, डाकू हमीदी मस्जिद दरियापुर निवासी शरीफ उर्फ बल्ली, मिल एरिया थाना क्षेत्र के श्याम नगर छजलापुर निवासी सुनील उर्फ लल्ला शामिल हैं।
एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने छह अप्रैल की रात सम्राट नगर में एक मकान से लाखों रुपये के जेवरात चुराए थे। इसी रात चोरों ने मिल एरिया इलाके के शेम ऑटो गैराज से बैट्री व लोहे का सामान चोरी किया था। 23 मार्च को लालगंज इलाके में बंद पड़े मकान से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी की थी।
पकड़े गए आरोपियों के पास से चांदी की छह पायल, सोने की कील समेत डेढ़ लाख का सामान व 5500 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी शावेज खान पर नौ, सुनील उर्फ लल्ला पर 10, शरीफ पर पांच और भाटिया पर तीन मुकदमा चोरी के दर्ज हैं।