जिले में यातायात माह के दौरान भी सड़क हादसे नहीं थम रहे हैं। हर दिन लोग जान गंवा रहे हैं। अलग-अलग सड़क हादसों में किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
महराजगंज कस्बे के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर निवासी वरिष्ठ सपा नेता असगर सिद्दीकी का बेटा अनस सिद्दीकी (23) अपनी मां जरीनाबानो (45), बहन तासीर (21) को लेकर शनिवार रात घर लौट रहा था। बताते हैं कि पाली गांव के लगी गिट्टी के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे गंभीर रूप से घायल जरीनाबानो की मौत हो गई। जबकि अनस सिद्दीकी, तासीर घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया। कोतवाल रविंद्र मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के महाखेड़ा गांव निवासी कमलेश (32) डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के जोहवानटकी गांव अपनी ससुराल बाइक से भीरागोविंदपुर जा रहा था। कसियापुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे महुआ के पेड़ से जा टकराई। इससे कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक अपने पीछे पत्नी अनीता और बेटी प्रिया को छोड़ गया है। कोतवाल विजय प्रताप यादव का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे उसरे मजरे दरसवां निवासी मोनू (15) पुत्र जगदीश साइकिल से जा रहा था।
दरसवां तिराहा पर तेज रफ्तार जीप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूची चौकी इंचार्ज राजेश यादव ने बताया कि भदोखर पुलिस ने चालक समेत जीप को कब्जे में ले लिया है।
तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं मिल एरिया थाना क्षेत्र के मग्धू का पुरवा निवासी छोटेलाल (50) रविवार को बाइक से कहीं जा रहा था। भदोखर थाना क्षेत्र के शारदा नहर के पास डंफर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। उसे लखनऊ ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। थानेदार विमल सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।