रायबरेली। डी फार्मा के छात्र रहे आदित्य प्रताप की हत्या हुई कि हादसा। इसके साक्ष्य जुटाने के लिए सोमवार को फोरेंसिक लैब लखनऊ की टीम यहां पहुंची।
डिप्टी डायरेक्टर अनुज कुमार झा के नेतृत्व में आई टीम ने हरचंदपुर थाने में खड़ी मृतक की बाइक और आरोपियों की कार की जांच की। गाड़ियों में अंदर बाहर कई एंगल में फोटो खींचे।
बाद में महराजगंज रोड पर गढ़ी खास स्थित घटना स्थल पर ही पहुंचकर टीम ने साक्ष्य तलाशे। कई घंटे तक जांच के बाद टीम वापस लौट गई। डिप्टी डायरेक्टर अनुज कुमार झा के अलावा वैज्ञानिक विपिन अशोक, प्रतिभा तिवारी, अजीत तिवारी और सीओ महराजगंज विनीत सिंह सबसे पहले हरचंदपुर थाने पहुंचे।
यहां पहले से खड़ी मृतक आदित्य सिंह की बाइक का कई एंगल से फोटो खींच अन्य साक्ष्य भी खंगाले। बाद में टीम हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ही महराजगंज रोड स्थित गढ़ी खास के पास घटना स्थल पर भी पहुंची।
यहां भी फोटो खींचे गए। सीओ महराजगंज विनीत सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम आई थी। टीम ने हरचंदपुर थाने में खड़ी बाइक व कार के साथ ही घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की है।