रायबरेली। खाद्य आयुक्त भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सोमवार को बछरावां क्षेत्र के बन्नावां व कसरावां में संचालित गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। बन्नावां में महज 290 क्विंटल ही खरीद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। केंद्र प्रभारी को फटकारते हुए खरीद में सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा, केंद्रों पर बिचौलिये हावी न होने पाएं। किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिया जाए।
खाद्य आयुक्त ने केंद्रों पर आए किसानों से भी गेहूं खरीद व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जाना। नमी मापक यंत्र, बोरे व इलेक्ट्रॉनिक कांटा आदि व्यवस्थाओं की जांच कर उन्हें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। केंद्रों के निरीक्षण के दौरान खाद्य आयुक्त ने उपस्थित केंद्र प्रभारी से रजिस्ट्रेशन फॉर्म व खरीदे गेहूं को देखा।
उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। समय से लक्ष्य के सापेक्ष खरीद पूरी की जाए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, एसडीएम महराजगंज सचिन यादव व जिला खाद्य विपणन अधिकारी सोनी गुप्ता आदि मौजूद रहे।