रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बृहस्पतिवार को ट्रेन में चढ़ने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बृहस्पतिवार को ट्रेन में चढ़ने के लिए लगी भीड़।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली पांच ट्रेनें शुक्रवार को निरस्त होने के कारण नहीं आएंगी। इनमें नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस शामिल है। इसके अलावा गोरखपुर और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) भी लखनऊ से वापस भेजे जाने के कारण नहीं आएगी। यह ट्रेन लखनऊ से रायबरेली होते हुए प्रयागराज के बीच निरस्त रहेगी। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि माघ मेला की वजह से वंदे भारत नहीं आएगी, वहीं बाकी ट्रेनों को कोहरे की वजह से निरस्त किया गया है।
बृहस्पतिवार को वंदेभारत एक्सप्रेस लखनऊ से लौटने के कारण नहीं आई, वहीं बनारस-देहरादून जनता मेल और शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस भी निरस्त रही। दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ने सवा तीन घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस ने दो घंटे और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस व लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस ने पौने दो घंटे इंतजार कराया। टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर व प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर पौन घंटे और हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से आई। कोहरे की वजह से इन ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा, जिससे ट्रेनें देर से पहुंची।