जिले में सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। रविवार को लगातार तीसरे दिन सूर्यदेव के दर्शन न होने और कोहरे व शीतलहर से लोग बेहाल नजर आए। एक तरफ सर्दी रही, वहीं दूसरी तरफ लोगों को स्वयं अलाव जलवाना पड़ रहा है।
इसको लेकर अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शीतलहर के चलते जिला प्रशासन की ओर से पांच दिन के लिए स्कूल और बंद कर दिए गए हैं। आसमान में रविवार सुबह से ही बदली छाई थी। लोग इस आस में थे कि धूप निकलेगी, लेकिन तीसरे दिन भी सूर्यदेव के दीदार नहीं हुए।
छुट्टी का दिन भी जरूरी काम से शहर आए लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव के इर्द-गिर्द नजर आए। सर्दी बढ़ने के बाजवूद लोगों को स्वयं अलाव जलवाना पड़ रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारी अलाव जलवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
सर्दी को देखते हुए पांच दिन के लिए स्कूल और बंद कर दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को परेशानी न हो। डीएम अनुज कुमार झा ने बताया कि शीतलहर के चलते अवकाश 4 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। पांच को गजेटेड अवकाश है। इसलिए कक्षा एक से 12 तक के विद्यालय 6 जनवरी को खुलेंगे।
यह आदेश सभी परिषदीय स्कूलों, कस्तूरबा विद्यालयों, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड एवं यूपी बोर्ड के स्कूल व कॉलेजों के लिए है। कोहरे के चलते ट्र्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी है। रविवार को काशी विश्वनाथ छह घंटे, मालंदा एक्सप्रेस नौ घंटे, पंजाब मेल छह घंटे और नीलांचल सुपर फास्ट 15 घंटे लेट रही।