रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। इस कारण स्टेशन पर कई नए कार्यों के साथ ही सुदृढ़ीकरण का काम भी चल रहा है। इन कार्यों को पूरा कराने के लिए स्टेशन के बाहरी परिसर की सड़क और प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर खोदाई शुरू कराई गई, लेकिन बाद में काम बीच में रोक दिया गया। कई दिनों बाद मलबा तो हटा लिया गया, लेकिन उधड़ी सड़क और प्लेटफॉर्म के कारण यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी उठाना पड़ रही है।
शहर के रेलवे स्टेशन पर मुख्य भवन में बने द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के सामने वाली सड़क की खोदाई अक्तूबर महीने के अंतिम सप्ताह में शुरू कराई गई थी। यह सड़क यूनियन कार्यालय और मंदिर के बीच बनी है, जिसे मुख्य मार्ग से स्टेशन भवन तक खोदा गया है। पहले तो कुछ दिन तक बैरीकेडिंग लगी थी, लेकिन अब उसे भी हटा दिया गया है। सड़क खोदाई का मलबा भी पैदल पुल की सीढि़यों के पास ढेर कर दिया गया है।
इस उधड़ी सड़क और प्लेटफॉर्म से यात्रियों को आवाजाही करने में काफी परेशानी उठाना पड़ती है। जरा सी चूक होने पर यात्री गिर कर चोटिल तक हो जाते हैं। यात्री राम सुमिरन, अंबरीश कुमार, नारायण ने कहा कि सुधार कार्य होना जरूरी है, लेकिन जिस धीमी रफ्तार से यह काम कराया जा रहा है, वह सभी की परेशानी बढ़ा रहा है। स्टेशन प्रबंधन बाहरी परिसर की सड़कों और बिना टिनशेड वाले प्लेटफॉर्म पर आरसीसी फर्श बनाने के उद्देश्य से खोदाई की बात कह रहा है।
वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) अरुण कुमार ने बताया कि काम में विलंब क्यों हो रहा है, इस बारे में कार्यदायी संस्था से पूछताछ कर इसे शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। सड़क व प्लेटफॉर्म की खोदाई के कारण यात्रियों को परेशानी न उठाना पड़े इसके लिए भी प्राथमिकता पर वैकल्पिक इंतजाम कराए जाएंगे।