सलोन (रायबरेली)। नुरुद्दीनपुर गांव में रंजिश में दिवाली के दिन एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग करके दहशत फैलाने का प्रयास किया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
राजशर्मा पर सोमवार दोपहर बाइक सवार नकाबपोश तीन युवकों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। युवक ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर करहिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके से पुलिस को तीन खोखे मिले।
युवक की तहरीर पर मनीष सिंह निवासी अगई, कुलदीप सिंह निवासी भदौरियन का पुरवा थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ व एक अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि एक महीने पूर्व राज शर्मा और विपक्षियों के बीच विवाद हुआ था। उसी मामले को लेकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़ित युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।