परशदेपुर (रायबरेली)। नलकूप फीडर के पैनल में सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे छिपकली घुसने से आग लग गई। इससे विद्युत उपकेंद्र परशदेपुर के सभी फीडर बंद हो गए। आग लगने से उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। कंट्रोल रूम में धुआं भर गया। 33 केवी लाइन से आपूर्ति बंद करने के बाद आग बुझाई गई।
उपकेंद्र में आठ महीने पहले नलकूप उपभोक्ताओं के लिए अलग से फीडर बनाया गया है। इस उपकेंद्र से अभी तक 15 नलकूप कनेक्शन जोड़े गए हैं। सोमवार तड़के बिजली आपूर्ति चल रही थी। उपकेंद्र के एसएसओ राकेश कुमार ने बताया कि तड़के 3.30 बजे नलकूप फीडर के पैनल में अचानक तेज धमाका हुआ। आग की लपटें बाहर आने लगीं। दस मिनट तक पैनल जलता रहा। अंदर जाने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सका।
33 केवी लाइन के ब्रेकडाउन होने से कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान करीब एक घंटे तक उपकेंद्र से जुड़े गांवों की बिजली गुल रही। प्रभारी अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि पैनल में छिपकली घुसने से शाॅर्ट सर्किट हुआ था। इससे पैनल जला है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। आरडीएसएस योजना के तहत आठ माह पहले फीडर लगाया गया था। नलकूप फीडर को दूसरे फीडर से जोड़कर आपूर्ति शुरू की गई।