रायबरेली में शॉर्टसर्किट से गेहूं के खेत में लगी आग बुझाते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अलग-अलग ब्लॉक क्षेत्रों में विद्युत शॉर्टसर्किट से आग लगने से 12 बीघे गेहूं की फसल और साइकिल रिपेयरिंग की दुकान जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई।खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक अतरहर गांव निवासी बासदेव शुक्ला का डुमटहर गांव के पास डेढ़ बीघा खेत है।
जिसमें गेहूं की फसल खड़ी थी। दोपहर में हाईटेंशन लाइन के तार आपस में छू गए। इससे तेज शॉर्टसर्किट होने से गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते पास में बासदेव की गेहूं की फसल जल गई। किसी तरह ग्रामीणों ने आग बुझाई।
बरौड़ी गांव निवासी राजबहादुर सिंह के खेत के पास लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्टसर्किट होने से राजबहादुर, अनिल सिंह, सर्वेश सिंह और सुरेश सिंह खेत में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। दोनों जगह आठ बीघे गेहूं जल गया। क्षेत्रीय लेखपाल ने संतोष कुमार मौके क्षति का आकलन किया है।
डलमऊ प्रतिनिधि के अनुसार तेलहना मजरे आफताब नगर गांव निवासी राधेश्याम, गया प्रसाद, लाल बहादुर के गेहूं की डेढ़ बीघे गेहूं की फसल बिजली की शॉर्टसर्किट से जल गई। अमावां प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के डडैया मजरे घुराडीह में बिजली की शॉर्टसर्किट से निवासी सूर्जबली, श्रीपाल, रतीपाल की तीन बीघे फसल जल गई।
खेत में लगी बजरंगी की धान की पुआल भी जल गई है। शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र के मेवालाल का पुरवा निवासी संतोष कुमार शिवगढ़ कस्बे में साइकिल रिपेयरिंग और कॉपी-किताब की दुकान चलाता है।
सोमवार शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। इससे दुकान के अंदर रखा 50 हजार रुपये का सामान जल गया। आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाई।