लालगंज। पूरे झाऊलाल मजरे बहाई गांव में शनिवार रात स्कूटी को चार्ज करते समय शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे स्कूटी समेत घर में रखा करीब डेढ़ लाख का सामान जल गया।
गांव के हरीशंकर पाल ने बीती शनिवार रात कमरे में स्कूटी की बैटरी को चार्ज करने के लिए लगाया था। देर रात करीब 12 बजे स्कूटी के चार्जर में शॉर्ट सर्किट होने से धमाका हुआ और आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटों ने कमरे में आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी समेत मोबाइल, रजाई, गद्दे, लकड़ी का घरेलू सामान, अनाज जलकर गया। पीड़ित ने बताया कि वह परिवार के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे।
रात 12 बजे धमाका होने से नींद खुली तो देखा तो पूरा घर धुएं से भरा था। पहले तो कुछ समझ में नहीं आ रहा था। बाद में उन्हें कमरे में आग लगने की जानकारी हुई। परिवारजन के शोर को सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरु किए। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। पीड़ित हरीशंकर पाल ने बताया कि आग में करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान जल गया है।