रायबरेली। लोकसभा चुनाव में लगने वाले पीठासीन अधिकारियों व प्रथम मतदान कर्मचारियों के पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा हो गया। अंतिम दिन भी दो कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए।
मामले में संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश बीएसए और सिंचाई खंड 45 के अधिशासी अभियंता को दिए गए हैं। इसके अलावा छूटे व शेष कर्मियों को आगामी 20 अप्रैल को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
प्रशिक्षण में गुरुवार को सीडीओ राकेश कुमार ने कहा कि जो कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो पाए हैं। उन्हें अंतिम बार आगामी 20 अप्रैल को प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद किसी की एक भी सुनी नहीं जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। पूरी जानकारी होने पर मतदान कराने में किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी व प्रथम मतदान अधिकारी अच्छे तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। यदि कोई बात समझ में न आए तो उसके बारे में दोबारा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बूथों पर जाने से पहले पीठासीन अधिकारी यह देख ले कि निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली विभिन्न निर्वाचन सामाग्री उन्हें प्राप्त हो गई है या नहीं। यदि कुछ सामग्री नहीं मिली है, तो उसे काउंटर से प्राप्त कर लें।
गुरुवार को प्रशिक्षण में प्राथमिक स्कूल उदवतपुर खीरों के प्रधानाध्यापक रत्नेश कुमार और सिंचाई खंड 45 के उप राजस्व अधिकारी अखिलेश कुमार पांडेय प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। दोनों के खिलाफ संबंधित विभागाध्यक्षों के खिलाफ मुकदमे के आदेश दिए हैं। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि छूटे कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए 20 अप्रैल की तारीख तय की गई है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।