सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी का आरोप है कि जेई और एसएसओ ने जानबूझकर आपूर्ति शुरू कर दी थी। इस वजह से पति की मौत हुई है। जबकि उसका पति शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने गया था। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जेई और एसएसओ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरिहर गांव की रहने वाली रेनू ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका पति विजय कुमार विद्युत उपकेंद्र, गुरुबख्शगंज में कुशल श्रमिक (लाइनमैन) था। 13 जनवरी को फॉल्ट आने पर वह शटडाउन लेकर गांव के रामदेव कुशवाहा के घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। इसी दौरान बिजली आ गई। इससे उसका पति जलने लगा और ट्रांसफार्मर से नीचे गिरकर घायल हो गया। लखनऊ में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई।
उसका आरोप है कि घटना के वक्त जेई और एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेशन) सूर्यकांत त्रिवेदी तैनात था। जानबूझकर बिजली चालू की गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि जेई की मौजूदगी में शटडाउन के बाद आपूर्ति चालू कर दी गई थी। घटना के बाद कोई देखने तक नहीं आया। गुरुबख्शगंज एसओ ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर जेई और एसएसओ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।