रायबरेली। कोरोना संक्रमित नर्सिंगहोम संचालक के लापरवाही की पुष्टि हो गई है। बुधवार को जहानाबाद चौकी इंचार्ज ने संक्रमण को छुपाने और अन्य आरोपों में डॉक्टर और उसके अस्पताल के पूरे स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अमर उजाला में बुधवार के अंक में संक्रमण को छुपाकर मरीजों को देखा, कार्यक्रमों में भी गया डॉक्टर शीर्षक से खबर प्रकाशित किया तो संक्रमित डॉक्टर पर शिकंजा कसने का काम तेज कर दिया गया। साथ ही चिकित्सक और उसके स्टाफ के परिवार समेत 143 लोगों को चिन्हित करके सभी को क्वारंटीन में रखने का काम शुरू कर दिया गया है।
शहर के मधुबन रोड स्थित नर्सिंगहोम के संचालक ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दी है। बीती 19 अप्रैल को ही उसके संक्रमण होने की आशंका हो गई थी। पहली रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी डॉक्टर जिला प्रशासन को इसकी सूचना नहीं दी। साथ ही लगातार ओपीडी और बच्चों को भर्ती करके इलाज किया। बीती 30 अप्रैल को चिकित्सक ने लक्षण प्रतीत होने पर अस्पताल को बंद करने के साथ ही मरीजों को भी घर भेज दिया। तीन मई की रात कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन को इसकी जानकारी हुई।
खास बात यह कि कोरोना की आशंका होने के बाद भी नर्सिंगहोम संचालक बीती एक मई को जिला अस्पताल में हुए प्रशिक्षण में भी शामिल हो गया, जिसमें शहर के 54 निजी चिकित्सक भी शामिल हुए थे। कोरोना का संक्रमण मिलने के बाद उसी रात डॉक्टर को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। उसकी पत्नी, बच्चों, मां और नौकरानी के साथ ही 18 लोगों के स्टाफ को भी क्वारंटीन में भेज दिया गया।
बुधवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही जहानाबाद चौकी इंचार्ज रामराज कुशवाहा ने धारा 188, 269, 270, 271 और महामारी एक्ट के तहत नर्सिंगहोम संचालक और उसके अस्पताल के पूरे स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। चिकित्सक के परिवार और अस्पताल के स्टाफ को पहले ही क्वारंटीन में रखकर सैंपल जांच के लिए भेजा गया। अब स्टाफ के घर वालों को चिन्हित करके क्वारंटीन में रखने का काम शुरू कर दिया गया है।
स्टाफ के 119 सदस्यों को क्वारंटीन में रखने का काम शुरू
नर्सिंगहोम संचालक के अस्पताल के 18 लोगों के स्टाफ के परिवार के 119 सदस्यों को क्वारंटीन में रखने का काम शुरू हो गया है। बुधवार को टीमों ने मोहल्लों में पहुंचकर परिवार के लोगों को एंबुलेंस से क्वारंटीन सेंटरों तक पहुंचाया। नर्सिंगहोम में कहारो का अड्डा, सोनिया नगर, चकदादर, मिलएरिया क्षेत्र के उमरा, अंबेडकर नगर, बनी, शक्ति नगर, भदोखर क्षेत्र के चकरार, बछरावां क्षेत्र के बबुरिहा और डलमऊ क्षेत्र के नरहरपुर गांव के कर्मचारी काम कर रहे थे। सभी कर्मचारियों के घरों में पहुंचकर टीमें परिवार के लोगों को क्वारंटीन में रखने में जुट गई हैं।
जहानाबाद चौकी इंचार्ज ने नर्सिंगहोम संचालक और उसके अस्पताल के पूरे स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। स्वास्थ्य टीमों के साथ पुलिस बल को अस्पताल के कर्मचारियों के घरों में भेजवाकर परिवार के लोगों को क्वारंटीन में रखवाया जा रहा है।
-अतुल कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी, सदर