रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस को गद्दार कहने पर भाजपाइयों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के खिलाफ शुक्रवार को सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि राहुल की टिप्पणी से हमारी और देश के नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
दरअसल, 19 और 20 मई को राहुल गांधी रायबरेली और अमेठी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर थे। 20 मई को लोधवारी गांव में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में राहुल ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और आरसएस को गद्दार कहा था। इसके बाद से भाजपाइयों में नाराजगी है। सभी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शुक्रवार शाम तीन बजे भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी की अगुवाई में भाजपाइयों का प्रतिनिधिमंडल सदर कोतवाली पहुंचा। सभी ने सदर कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर सांसद राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के जरिये भाजपाइयों ने कहा है कि राहुल की टिप्पणी से देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह किसी एक या दो व्यक्तियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी ही नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता के खिलाफ किया गया गंभीर अमर्यादित आचरण भी है। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।