सलोन। रंजिश में दो पक्षों में लाठी-डंडे चलने से दो लोग लहूलुहान हो गए। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर सात लोगो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
सलोन के ग्राम सभा खमरिया पूरे कुशल का पुरवा गांव में शनिवार शाम ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राणा सिंह के चचेरे भाई जितेंद्र सिंह और उनके विरोधी विकास सिंह के बीच रंजिश में कहासुनी होने लगी। देखते देखते ही लाठी-डंडे से मारपीट होने लगी, जिसमें विकास और जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को सीएचसी सलोन से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रधान प्रतिनिधी राणा सिंह का आरोप है विपक्षी भूपेंद्र, ज्ञानेंद्र और विकास ने उनके चचेरे भाई जितेंद्र को रास्ते में रोककर मारपीट की थी। कोतवाल शिव शंकर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।