लोक निर्माण विभाग लखनऊ जोन के मुख्य अभियंता वीके सिंह ने गुरुवार को जिले का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान प्रांतीय खंड के एक्सईएन अरविंद कुमार, द्वितीय के एक्सईएन जय सिंह समेत तीनों खंडों के सहायक अभियंता मौजूद रहे।
चीफ इंजीनियर ने सबसे पहले नवनिर्मित बांदा-बहराइच राजमार्ग और उस पर बना ओवरब्रिज देखा। इसके बाद वे लालगंज-ऊंचाहार वाया डलमऊ-गदागंज रोड का जायजा लिया। इस स्टेट हाईवे पर वर्तमान समय में सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा है।
निरीक्षण के दौरान चीफ इंजीनियर को गुणवत्ता की जांच के लिए कई जगह सड़क खुदवाकर निर्माण सामग्री के नमूने लिए। इसके अलावा जिले में कराए गए कई ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण के काम को भी देखा। इस दौरान कई जगह पर सड़क उखड़ी मिली।
चीफ इंजीनियर ने बताया कि लालगंज-ऊंचाहार मार्ग बिलग्राम-उन्नाव-इलाहाबाद स्टेट हाईवे का ही एक हिस्सा है। इसके सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। कार्य गुणवत्तापरक की जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी।