हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गुनावर कमंगलपुर गांव में इसी झोपड़ी में बच्चों के साथ रहती है पीड़ित म
हरचंदपुर। पत्नी ने शराब के लिए रुपये न दिए तो पति ने मंगलवार को दाल में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को खिला दिया। हालत बिगड़ने पर मां ने बच्चों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने मां की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
गुनावर कमंगलपुर गांव की सोहिनी के मुताबिक उसका पति सुरेश पासी शराब का आदी है। अक्सर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। घरेलू विवाद के कारण वह अलग रह रहा था। सुबह वह घर में अरहर की दाल और भोजन बनाकर खेत में धान की रोपाई करने चली गई थी। घर पर उसके बेटे दिव्यांश (6) और श्रीयांश (5) मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सुरेश ने दाल में जहरीला पदार्थ मिला दिया।
बच्चों ने भोजन किया तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान घटना की जानकारी पड़ोसी को हुई तो उन्होंने सोहिनी के अलावा यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। बेटों की हालत बिगड़ने पर सोहिनी धान की रोपाई का कार्य छोड़कर घर आई। पुलिस की मदद से बच्चों को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया।
सीएचसी के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की वजह से बच्चों की हालत बिगड़ने की बात बताई। इलाज के बाद बच्चों की हालत में सुधार हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने बच्चों को जान से मारने की नीयत से भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाया था। ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सुरेश पासी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे पकड़ लिया गया है।
घर के बाहर झोपड़ी बनाकर रहती थी सोहिनी
शराब की लत ने हंसते खेलते परिवार की खुशियों को छीन लिया। एक माह से सोहिनी झोपड़ी बनाकर घर के बाहर बच्चों के साथ रहती है। बड़ी बेटी शिवानी (8) को बछरावां इलाके के सिगरनखेड़ा गांव में मायके भेज दिया है। इसके बावजूद पति उसे परेशान कर रहा था। शराब पीने के लिए पैसा मांगता। न देने पर मारपीट करता। इसके बाद भी उसने कभी शिकायत नहीं की। अब घटना के बाद उसने एफआईआर दर्ज कराई है।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चों को उल्टी करा दी। इससे जहरीला पदार्थ का असर कम हो गया। पति से घटना के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वह कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हुआ। सुबह ही उसने शराब पी ली रखी थी।