नसीराबाद थाना स्थित शिव मंदिर परिसर पर विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करते किसान।
नसीराबाद। किसान कल्याण एसोसिएशन (अराजनीतिक) के बैनर तले किसानों ने सोमवार को नसीराबाद थाने के पास धरना शुरू किया। किसान आठ सूत्री मांगों को पूरा किए जाने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान एक महिला पुजारी कुटी की भूमि से कब्जा हटाने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गई। दोपहर बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराजगी है।
प्रदेश अध्यक्ष लालता प्रसाद शुक्ल ने बताया कि छतोह-गांधीनगर मार्ग पर रेलवे अंडरपास का निर्माण अधर में है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नसीराबाद और सलोन क्षेत्र में घटिया पशु आहार पर अंकुश लगाने की मांग की। यही नहीं पूरे खुशियाल तथा नसीराबाद देहात गांव खड़ंजा मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की। सलोन-जायस मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।
किसानों ने महमूदअली मजरे नसीराबाद देहात में जलभराव, बेवल के अंत्येष्टि स्थल निर्माण की जांच कराए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष सदाशिव पांडेय, राम आसरे, शिव बहादुर, आलम जहीर ने बताया कि संडहा गांव निवासी बाबा बालकदास उर्फ फूलमती की कुटी एवं सहन की भूमि से अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके विरोध में उन्हें आमरण अनशन पर बैठना पड़ा। इस मौके पर इलियास, गफ्फार खां, घनश्याम सिंह मौजूद रहे।