थाना क्षेत्र जगतपुर में शुक्रवार को एक किसान को दिनदहाड़े लूटने का प्रयास किया गया। लूट में नाकाम बदमाशों ने किसान को गोली मार दी। गोली किसान के दाहिने हाथ में लगी जिससे वह घायल हो गया।
बाइक सवार दो लुटेरों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब किसान बैंक से एक लाख रुपये लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पिछवारा मजरे पारी गांव निवासी अशोक मौर्या खेती करता है। शुक्रवार सुबह वह बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा पारी पर रुपये निकालने गया था। वहां से एक लाख रुपये लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी बीच पारी गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और रुपये छीनने की कोशिश की।
किसान साइकिल छोड़ कर वहां से रुपये लेकर भागने लगा। बदमाश जब रुपये लूटने में नाकाम रहे तो कट्टे से किसान पर फायर झोंक दिया। गोली अशोक के दाहिने हाथ में लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचते, इससे पहले ही बदमाश बाइक से भाग निकले। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसओ कमलेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी भिजवाया। थानेदार के मुताबिक किसान की तहरीर पर हत्या के प्रयास और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना की जांच की जा रही है। लुटेरों ने चेहरे पर नकाब नहीं पहन रखा था। किसान से लुटेरों का हुलिया और पहनावे के बारे में पूछताछ करके उनकी तलाश की जा रही है।