डलमऊ (रायबरेली)। सांस की बीमारी से तंग किसान ने मंगलवार तड़के लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना से परिजनों में रोना-पीटना मच गया। जहांगीराबाद निवासी धीरज पांडेय के मुताबिक, उनके पिता करुणाशंकर पांडेय (68) काफी समय से सांस की बीमारी से पीड़ित थे।
धीरज ने बताया कि लखनऊ स्थित केजीएमयू में पिता का इलाज चल रहा था। मंगलवार तड़के चार बजे उन्होंने घर के बाहर लाइसेंसी बंदूक गले से सटाकर गोली मार ली। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक फायरिंग की आवाज से नींद खुली। घर से बाहर आया तो देखा कि पिता दीवार के सहारे मृत अवस्था में पड़े हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके आई। पिता की मौत से धीरज समेत अन्य परिजनों के आंसू नहीं थम रहे। डलमऊ कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक करुणाशंकर खेती करते थे। सांस की बीमारी से परेशान होकर गोली मारकर आत्महत्या की है।