वात्सल्य नर्सिंगहोम में काम करता मिला बाहरी स्टाफ, नोटिस
ओटी उपकरणों व ऑक्सीजन सिलेंडरों में मिली खामियां
रायबरेली। शहर के गोरा बाजार स्थित वात्सल्य नर्सिंगहोम में बुधवार को एसीएमओ डॉ. खालिद रिजवान की टीम ने छापा मारा। अस्पताल में उपस्थित रजिस्टर नहीं मिला। बाहरी स्टाफ काम करता मिला। ऑक्सीजन सिलेंडरों पर स्लिप नहीं लगी मिली और ओटी के उपकरणों की सर्विस (कैलीव्रेशन) का प्रमाणपत्र नहीं मिला। इसके अलावा भर्ती मरीजों की बीएसटी भी अधूरी मिली। तमाम खामियां मिलने पर अस्पताल की संचालिका को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
डीएम के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. रिजवान और रूपक श्रीवास्तव की टीम ने गोराबाजार स्थित वात्सल्य नर्सिंगहोम में छापा मारा। उपस्थिति रजिस्टर मांगा गया तो पता चला कि रजिस्टर बनाया ही नहीं गया। अस्पताल के पंजीयन के दौरान जो स्टाफ लिखकर दिए गए थे, उनकी जगह दूसरा स्टाफ काम करता मिला। इसकी सूचना भी विभाग को नहीं दी गई। ऑक्सीजन सिलेंडर तो मिले, लेकिन उन पर स्लिप नहीं लगी थी। ओटी में रखे उपकरणों के कैलीव्रेशन का प्रमाणपत्र भी नहीं मिला।
वार्ड में भर्ती मरीज संतोष, रूबी और पूजा की बीएसटी को चेक किया गया तो डॉक्टर द्वारा विजिट के संबंध में फालोअप नोट नहीं लिखा था। इसके अलावा डायग्नोस्टिक के हिसाब से रिपोर्ट भी नहीं पायी गई। जांच के दौरान तमाम खामियां मिलने के बाद अस्पताल की संचालिका डॉ. हिमानी रस्तोगी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। एसीएमओ डॉ. रिजवान ने बताया कि छापे में तमाम खामियां मिली हैं। नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।