रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की ओर से संचालित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2022 के लिए जिले में 29 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 12 जून को दो पालियों में इम्तिहान कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों में स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
परीक्षा में 11,711 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगी।
जिले में 29 परीक्षा केंद्र बनाने के साथ अभ्यर्थियों का आवंटन कर दिया गया है। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे, जिनके साथ पर्याप्त पुलिस बल रहेगा। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए दो पुरुष व दो महिला पुलिस कर्मी लगाए जाएंगे, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और चार स्टेटिक मजिस्ट्रेट आरक्षित रहेंगे।