रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है, फिर भी कई विद्यालयों में परीक्षक ही नहीं पहुंचे। अब तक जिले के पांच विद्यालयों ने इस बारे में शिकायत की है। इन विद्यालयों ने यूपी बोर्ड से प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के लिए परीक्षक भेेजे जाने की मांग की है। वहीं बीएसए ने परीक्षा न दे पाने वाले विद्यार्थियों के बारे में जानकारी मांगी है।
वीणा पाणि इंटर कालेज, उर्मिला इंटर कॉलेज, संत कंवर राम इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं हो पाईं हैं। इस संबंध में जिलाविद्यालय निरीक्षक कार्यालय को शिकायतें मिलनी शुरू हो गई हैं। वीणा पाणि इंटर कॉलेज के परीक्षा प्रभारी प्रेमनारायण ने बताया कि उनके विद्यालय में रसायन व जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा हो चुकी, मगर परीक्षक न आने से भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो पाई है।
प्रेमनारायण के मुताबिक जिस परीक्षक का यहां आना था, उसी को आशीर्वाद इंटर कॉलेज, संत कंवर राम और उर्मिला इंटर कॉलेज में भी परीक्षा लेनी थी। इसी वजह से वहां भी परीक्षा नहीं हुई। डीआईओएस कार्यालय और यूपी बोर्ड को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय के मुताबिक विद्यालयों से छूटे विद्यार्थियों के बारे में सूचना मांगी गई है।
परीक्षा केंद्रों में मानकों की हो रही है पड़ताल
वैसे तो अभी परीक्षा केंद्रों का निर्धारण अंतिम रूप से नहीं किया गया है, लेकिन बोर्ड की ओर से ऑनलाइन जारी की गई 104 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची पर आई आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है। इसके बाद प्रस्तावित 105 परीक्षा केंद्रों की सूची भी वेबसाइट पर अपलोड हो चुकी है। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते हुए अंतिम सूची फरवरी के अंतिम सप्ताह में जारी होगी। फिलहाल अभी प्रस्तावित केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा के संबंध में निर्धारित मानकों की पड़ताल की जा रही है, ताकि परीक्षा केंद्रों पर मानक के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा सकें।
जीआईसी फुरसतगंज में शुरू हुई प्री-बोर्ड परीक्षा
फुरसतगंज (रायबरेली)। राजकीय इंटर कॉलेज फुरसतगंज में प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल से शुरू होंगी। इस लिए जीआईसी फुरसतगंज में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जा रही हैं। शुक्रवार को हाईस्कूल के 390 एवं इंटरमीडिएट के 276 बच्चों ने हिंदी की परीक्षा दी। प्रधानाचार्य संदीप चौधरी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए उससे पहले परीक्षा शुरू कराई गई है।