इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंजन शनिवार को हरचंदपुर रेलवे स्टेशन पर खराब हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन के कई डिब्बों में पंखे तक नहीं चल रहे थे, वहीं पीने के पानी के लिए भी लोग परेशान हुए। गर्मी से जूझ रहे यात्रियों का गुस्सा भड़क उठा।
लोग स्टेशन मास्टर के कमरे में घुस गए और जमकर हंगामा किया। रेलवे अफसरों की सूचना पर पहुंची हरचंदपुर पुलिस ने किसी तरह मुसाफिरों को समझाबुझा कर शांत कराया। इसके बाद दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को गंतव्य को रवाना किया गया।
वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस हरचंदपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी, इसी दौरान उसका इंजन फेल हो गया। गर्मी में तेज धूप के साथ उमस सिर चढ़ कर बोल रही थी। वहीं ट्रेन के कई डिब्बों में पंखे बंद थे। इसके अलावा प्यास से लोग बेहाल हो गए।
सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को हुई। कुछ देर तो यात्रियों ने ट्रेन के चलने का इंतजार किया, फिर स्टेशन मास्टर के कमरे में घुस कर हंगामा करने लगे। इसकी सूचना रेलवे अफसरों ने हरचंदपुर पुलिस को दी।
बात हंगामे से आगे बढ़ती इससे पहले ही एसओ अरुण कुमार शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मुसाफिरों को समझा बुझा कर शांत करा दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद रायबरेली से दूसरा इंजन हरचंदपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसे इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगाकर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
एसओ हरचंदपुर अरुण कुमार शुक्ला ने कि इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया था। गर्मी में काफी देर तक ट्रेन न चली तो यात्री परेशान हो गए। दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन चलाने की मांग को लेकर गुस्साए यात्री स्टेशन मास्टर के कमरे में घुस गए और हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को समझाबुझा कर हालात को काबू में किया। ट्रेन के जाने तक फोर्स स्टेशन पर मौजूद रही, जिससे यात्री हंगामा न कर सकें।