रायबरेली। कलेक्ट्रेट के बगल में अवैध रूप से बनवाई जा रही दुकान को गुरुवार को आरडीए और कोतवाली पुलिस टीम ने पहुंचकर गिरवा दिया। हालांकि अतिक्रमण करने वालों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन कार्रवाई के डर से शांत होना पड़ा।
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट व सदर तहसील के बीच मस्जिद के पास लोगों ने सड़क किनारे किराए पर दुकानें ली हैं। आरोप है कि आलम दुकान को और बड़ी करने के लिए दुकान के सामने निर्माण शुरू करा दिया। सूचना मिलने पर आरडीए के सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता, धनेस कुमार, एमके शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, विनय श्रीवास्तव, श्याम प्रकाश, दिनेश कुमार व कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके प पहुंचकर अवैध निर्माण को गिरवा दिया।
निर्माण कराने वाले को चेतावनी दी कि दोबारा निर्माण कराया गया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। आरडीए के सचिव बीपी मौर्या ने बताया कि अवैध निर्माण का सूचना मिलते ही टीम भेजकर निर्माण को गिरवा दिया गया है।