रायबरेली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) खंड प्रथम में शनिवार को सीलन की वजह से भवन में करंट उतर आया। अलमारी खोलते समय एक कर्मचारी को झटका लगा, तो अफरातफरी मच गई। कर्मियों ने भवन के बाहर निकल कर जान बचाई। बिजली कर्मी को बुलाकर समस्या को दूर कराया गया।
लोक निर्माण विभाग में बाबुओं और अभियंताओं को बैठने के लिए टिनशेड का भवन बना है। इसके जर्जर होने के कारण दीवारों में सीलन आ जाती है। शनिवार को सुबह कर्मचारी और अभियंता भवन में बैठकर काम कर रहे थे। अलमारी खोलते समय सूर्यकांत त्रिपाठी को करंट लगा। इससे मौजूद कर्मियों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग कमरे के बाहर खड़े हो गए।
मिनिस्ट्रीयल एसाेसिएशन संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार यादव ने बताया कि बिजली की समस्या के चलते कर्मचारियों को अंधेरे में बैठकर काम करना पड़ता है। जनरेटर नहीं चलाया जाता है। भवन जर्जर हैं। बरसात में भवन के अंदर पानी आ जाता है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे है।