रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र जगतपुर से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली संकट से राहत नहीं मिल पा रही है। कभी लाइनों में फॉल्ट, तो कभी उपकेंद्र में खराबी के चलते बिजली गुल रहती है। रविवार सुबह थुलरई फीडर की ट्राॅली जलने से सात घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। सुबह बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। तेज धूप के चलते लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे।
विद्युत उपकेंद्र जगतपुर से निकले पांच फीडर उमरी, पारी, कैनाल, झकरासी, थुलरई फीडर से 150 गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। सुबह बिजली आपूर्ति हो रही थी। तड़के करीब पांच बजे थुलरई फीडर की ट्राॅली जल गई। तेज धमाका होने के कारण उपकेंद्र में मौजूद कर्मियों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई।
पैनलों को खोलकर देखा, तो ट्राॅली जली थी। इसके बाद मरम्मत का काम शुरू हुआ। दोपहर करीब 12 बजे फॉल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति शुरू हो पाई। राकेश सिंह, रामप्रसाद, अशोक तिवारी, राकेश अग्निहोत्री ने बताया कि उपकेंद्र से निकले फीडरों की लंबाई अधिक होने के कारण आए दिन फॉल्ट की समस्या रहती है। लोवरलोड फीडरों की वजह से लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। अवर अभियंता चंद्रेश पटेल ने बताया कि थुलरई फीडर की ट्राॅली जल गई थी। मरम्मत के बाद आपूर्ति शुरू करा दी गई।
ट्रांसफार्मर खराब होने से 70 घरों की बिजली गुल
रायबरेली। भोजपुर कस्बे में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने से उपभोक्ता दो दिन से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत संबंधित अवर अभियंता से की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। कल्लू द्विवेदी, शुभम निर्मल, अजनीश निर्मल, विजय यादव, लाला यादव ने बताया कि कस्बे में लगा ट्रांसफार्मर दो दिन पहले खराब है, जिसे अब तक नहीं बदला गया। उमस भरी गर्मी में लोगाें की नींद उड़ी हुई है। रनापुर पावर हाउस के अवर अभियंता नीरज त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा।