बाराबंकी। बिजली की कटौती से शनिवार रात जिला मुख्यालय से ग्रामीण अंचल तक उपभोक्ता परेशान रहे। कहीं खंभे गिरे तो कहीं तार टूटने से आपूर्ति घंटों बाधित रही। शनिवार रात को शहर में सिविल लाइन क्षेत्र में करीब डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक बिजली नहीं रही। जेई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पंप के पास एसीबी केबल जल गई थी। बदलने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इसी तरह लखपेड़ाबाग, बड़ेल, पीर बटावन मोहल्ले में भी कई बार बिजली कटी।
सात घंटे ठप रही आपूर्ति
मसौली। क्षेत्र के फतेहसराय गांव के पास एचटी लाइन का तार टूटने से शनिवार रात में करीब सात घंटे क्षेत्र की बिजली ठप रही। रात करीब आठ बजे तार टूटा। एसडीओ विमलेश मौर्या के निर्देश पर अवर अभियंता लालजी सिंह ने सहयोगी कर्मचारियों के साथ खेतों व जंगल से होते हुए फतेसराय में टूटे तार तक पहुंचे। तार जोड़ने के बाद रात्रि ढाई बजे बिजली सप्लाई शुरू हो सकी।
ट्रकों की टक्कर से टूटे पोल
जैदपुर। स्थानीय कस्बे में शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे पानी टंकी के पास ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टूट गया था। पोल टूटने का झटका तारों पर इस कदर लगा कि चांद पुरवा गांव के पास भी तार टूट गए। बिजली का पोल व तार ठीक करने में स्थानीय कस्बा समेत आसपास के गांवों की बिजली पूरी रात ठप रही। जेई मिर्जा परवेज हुसैन ने बताया कि ट्रक की टक्कर से 11 हजार की लाइन में फॉल्ट आया। इसके झटके से 33 हजार क्षमता की लाइन का भी तार टूट गया था। तार ठीक कराने के बाद आपूर्ति सुबह चार बजे बहाल कर दी गई।
त्रिवेदीगंज। ब्लॉक क्षेत्र में धौरहरा गांव के पास ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टूट कर सड़क पर गिर गया। शनिवार रात से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से धौरहरा गांव में बिजली रात भर बिजली बाधित रही।
रात में एक घंटे मिली बिजली
हैदरगढ़। स्थानीय बिजली उपकेंद्र से शनिवार की रात को स्थानीय कस्बा समेत ग्रामीण अंचल में मुश्किल से लोगों को एक घंटा बिजली मिली। रात भर लोग गर्मी में परेशान रहे। पहले टेस्टिंग का मेसेज भेजकर आपूर्ति बंद की गई, फिर कोई खराबी आ गई। रविवार को दिन में भी दोपहर 12 बजे से शाम तक बिजली बाधित रही। अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया बारिश के चलते लाइन पर पेड़ गिरने से टाउन की बिजली बाधित हुई है।
तार टूटा तो पुलिस बुलाई
कुर्सी। टिकैतगंज कस्बे में शनिवार की रात को कालीमाता मंदिर के पास बिजली का तार टूटकर गिर गया। बिजली कर्मियों का फोन नहीं उठा तो नागरिकों ने 112 डॉयल कर पुलिस बुलाई। इसके बाद बिजली कर्मी पहुंचे। अधिशासी अभियंता सर्वेश पाल ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। सभी को हिदायत दी गई है कि फोन जरूर उठाएं।
बिजली कर्मी झुलसा
कुर्सी। औद्योगिक क्षेत्र उमरा पॉवर हाउस पर तैनात कर्मचारी पुत्तीलाल रविवार शाम को मशीनों की टेस्टिंग के दौरान करंट लगने से झुलस गया। अवर अभियंता अनिल पाल ने बताया कि पुत्तीलाल को लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-